गिट्टी में मिट्टी, बालू में भी मिलावट! छात्रावास भवन निर्माण पर उठे सवाल
सरकारी भवन निर्माण में गुणवत्ता पर सवाल, छात्रों ने जांच की उठाई मांग
सहरसा:- शहर के गांधी पथ स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर छात्रावास में छात्रों के लिए बन रहे नए भवन के निर्माण कार्य को लेकर छात्र सवाल उठाने लगे हैं। छात्रों ने निर्माण कार्य में कथित अनियमितता बरतने और निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। छात्रों का आरोप है कि भवन निर्माण में इस्तेमाल की जा रही गिट्टी में मिट्टी मिली हुई है। वहीं बालू में भी मिट्टी मिलाकर उसका उपयोग किए जाने की बात कही जा रही है। छात्रों का कहना है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में भवन की मजबूती और सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप:-छात्रों ने बताया कि निर्माण कार्य को लेकर संबंधित स्तर पर शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। छात्रों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने तथा इस्तेमाल की जा रही निर्माण सामग्री की जांच कराने की मांग की है।
छात्रों का कहना है कि सरकारी राशि से कराए जा रहे निर्माण कार्य में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता और योजना से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि निर्माण कार्य पर किसी तरह का सवाल न उठे। निर्माण स्थल पर नहीं लगा योजना से संबंधित बोर्ड:-छात्रों के अनुसार निर्माण स्थल पर अब तक योजना से संबंधित सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है। ऐसे में योजना की लागत, निर्माण एजेंसी, कार्य अवधि और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां स्पष्ट नहीं हो पा रही हैं। कनीय अभियंता ने कहा गुणवत्तापूर्ण निर्माण का दिया गया निर्देश:-मामले में भवन निर्माण विभाग के कनीय अभियंता रूपेश कुमार ने बताया कि निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित बोर्ड लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में सुधार करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही गलत अथवा गुणवत्ताहीन निर्माण सामग्री का इस्तेमाल नहीं होने दिया जाएगा। अब देखना होगा कि विभागीय स्तर पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कब तक कराई जाती है और छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति क्या सामने आती है।



